बुंदेलखण्ड - गाय बचाओ, किसान बचाओ पदयात्रा आज से शुरू करेगी कांग्रेस - NATION WATCH (MAGZINE) (UPHIN-48906)

Latest

Breaking News

[Nation Watch - Magzine - Title Code - UPHIND-48906]

Nation Watch


Saturday, December 26, 2020

बुंदेलखण्ड - गाय बचाओ, किसान बचाओ पदयात्रा आज से शुरू करेगी कांग्रेस



प्रदेश कांग्रेस बुंदेलखंड में गोवंश और किसानों की दुर्दशा को लेकर ‘गाय बचाओ, किसान बचाओ पदयात्रा’ की शुरुआत शनिवार से करेगी। यह यात्रा ललितपुर की सौजना गौशाला से निकलकर बुन्देलखण्ड के सभी जिलों से होती हुई चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के तट पर खत्म होगी। यहां मारी गई गायों की अस्थियों का तर्पण किया जाएगा। यह जानकारी राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने दी है। 

उन्होंने शुक्रवार को कहा कि यूपी में लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाई जा रही है। राष्ट्रीय सचिव रोहित चौधरी, बाजीराव खाड़े, पूर्व सांसद प्रदीप जैन आदित्य समेत तमाम नेताओं को नजरबंद कर दिया गया। क्या यहां किसानों के मुद्दे उठाना गुनाह है? यूपी सरकार खुद मान चुकी है कि गौशालाओं में गायों की मृत्यु हो रही है तो क्या गोवंश को बचाने की मांग उठाना क्या गलत है? चारा पानी का प्रबंध न होने के चलते गौमाता तड़प-तड़प कर दम तोड़ रहीं हैं। सौजना गौशाला का वीडियो वायरल हुआ तो मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार ने कहा कि वीडियो झूठा है और बाद में दो अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया। आखिर वीडियो और घटना झूठी थी तो अधिकारियों को निलम्बित क्यों किया गया?  

उन्होंने कहा कि प्रदेश भर से आ रही खबरें दिल दहला देती हैं। यह भगवान श्रीकृष्ण का देश है और यहां गाय की दुर्दशा हो रही है। कांग्रेसी शांतिपूर्वक पदयात्रा निकालेंगे लेकिन उन्हें नजरबंद करना और गिरफ्तार करना लोकतंत्र की हत्या है। यूपी कांग्रेस के उपाध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि हम किसानों के बेटे हैं। किसानों और गाय दोनों की दुर्दशा हो रही है। कांग्रेस पार्टी इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। इस दौरान प्रवक्ता सुरेन्द्र राजपूत, पिछड़ा वर्ग विभाग के चेयरमैन मनोज यादव, महामंत्री विश्वविजय सिंह, सोशल मीडिया के चेयरमैन मोहित पाण्डेय, महामंत्री विवेकानन्द पाठक, मीडिया संयोजक ललन कुमार ने सम्बोधित किया। 

No comments:

Post a Comment

If you have any type of news you can contact us.

NATION WATCH -->