सचिन श्रीवास्तव , लखनऊ ||
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में राजनीतिक होर्डिंग्स को लेकर चल रहा विवाद अब और तेज हो गया है। हाल ही में लगे ‘ल्यारी-धुरंधर’ पोस्टरों के जवाब में समाजवादी पार्टी की ओर से शहर के कई इलाकों में नए होर्डिंग लगाए गए हैं। इन होर्डिंग्स के जरिए सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल उठाए गए हैं।
नई होर्डिंग्स में लिखा गया है— “ल्यारी का डर दिखाकर यूपी में अपनी नाकामी कब तक छिपाओगे? जनता समझ चुकी है, झूठे पोस्टर से बहलाओ…” इसके साथ ही “हमें चाहिए अखिलेश” जैसे संदेश भी लिखे गए हैं।
सपा नेताओं का बयान
समाजवादी पार्टी के नेताओं का कहना है कि पहले लगाए गए पोस्टर उनके नेता की छवि खराब करने की कोशिश थे। अब पार्टी ने उसी अंदाज में जवाब देकर जनता के सामने अपनी बात रखने का फैसला किया है।
सपा से जुड़े नेताओं ने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन व्यक्तिगत छवि को निशाना बनाकर प्रचार करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि डर और प्रचार के जरिए जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से भटकाने की कोशिश की जा रही है।
‘ल्यारी’ पोस्टरों से शुरू हुआ विवाद
कुछ दिन पहले शहर में लगे पोस्टरों में अखिलेश यादव को ‘ल्यारी’ और फिल्मी किरदारों से जोड़ते हुए दिखाया गया था। उन पोस्टरों के सामने आने के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया था और पुलिस को शिकायत भी दी थी।
राजनीतिक माहौल हुआ गरम
अब जवाबी होर्डिंग्स के बाद राजधानी में पोस्टर वॉर और तेज हो गया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले समय में चुनावी माहौल के बीच इस तरह की बयानबाजी और प्रचार अभियान और बढ़ सकते हैं।
फिलहाल शहर में लगे दोनों पक्षों के पोस्टर चर्चा का विषय बने हुए हैं और इसे प्रदेश की सियासत में बढ़ती गर्माहट के तौर पर देखा जा रहा है।

No comments:
Post a Comment
If you have any type of news you can contact us.