दीप सिद्धु का फेसबुक अकाउंट हैंडल कर रही विदेश में बैठी महिला मित्र - NATION WATCH (MAGZINE) (UPHIN-48906)

Latest

Breaking News

[Nation Watch - Magzine - Title Code - UPHIND-48906]

Nation Watch


Saturday, February 6, 2021

दीप सिद्धु का फेसबुक अकाउंट हैंडल कर रही विदेश में बैठी महिला मित्र

गणतंत्र दिवस यानी 26 जनवरी को दिल्ली के लाल किला पर हुई हिंसा मामले में आरोपी पंजाबी एक्टर दीप सिद्धू को पुलिस तलाश कर रही है। दीप सिद्धु को गिरफ्तार करने के लिए दिल्ली पुलिस ने उनकी जानकारी देने वाले को 1 लाख रुपए इनाम देने की घोषणा की है। मगर अब तक उसका ठिकाना पता नहीं चल पाया है। हालांकि, 26 जनवरी की दिल्ली हिंसा के बाद वह लगातार सोशल मीडिया पर एक्टिव है और समय-समय पर वीडियो जारी कर अपना पक्ष रख रहा है। इस बीच दिल्ली पुलिस के सूत्रों के हवाले से ऐसा दावा किया जा रहा है कि दीप सिद्धु अपनी महिला दोस्त की मदद से विदेश से फेसबुक पर अपना वीडियो अपलोड कर रहा है।

एनडीटीवी को दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने कहा है कि दीप सिद्धु का फेसबुक अकांउट उसकी एक महिला मित्र संभाल रही है, जो विदेश में रहती है। दीप वीडियो रिकॉर्ड कर उसे भेज देता है और महिला दोस्त उसे फेसबुक पर अपलोड कर देती है। माना जा रहा है कि पुलिस की नजरों से बचने के लिए दीप सिद्धु ऐसा कर रहा है। दीप सिद्धू पुलिस को भटकाने के लिए ऐसा कर रहा है। 

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दीप सिद्धु को ढूंढ रही है, जिस पर आरोप है कि दिल्ली के लाल किला हिंसा में उसने भीड़ को भड़काने की कोशिश की थी। दिल्ली पुलिस ने दीप सिद्धू की जानकारी देने वाले को 1 लाख रुपए इनाम देने की घोषणा की है। दीप सिद्धू के अलावा दिल्ली पुलिस ने जुगराज सिंह, गुरजोत सिंह और गुरजंत सिंह पर भी एक लाख का इनाम रखा है। वहीं, जजबीर सिंह, बूटा सिंह, सुखदेव सिंह और इकबाल सिंह की जानकारी देने वाले भी दिल्ली पुलिस ने 50-50 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है।

गौरतलब है कि जिस समय दिल्ली में दंगे हो रहे थे उस समय दीप सिद्धू लाल किले में ही मौजूद था और भड़काऊ भाषण दे रहा था। लेकिन, हिंसा होते ही वो फरार हो गया। पुलिस ने दीप सिद्धू के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है, उसकी LOC भी खोल दी गई है लेकिन वो है कहां ये अभी तक किसी को नहीं पता है। 

सोशल मीडिया पर लगातार एक्टिव
दीप सिद्धू पुलिस के हाथ तो नहीं आ रहा लेकिन 26 जनवरी के बाद वो सोशल मीडिया पर लगातार एक्टिव है। दिल्ली से भागने के बाद दीप सिद्धू की लोकेशन हरियाणा थी उसके बाद उसकी लोकेशन पंजाब हो गई। इसके बाद पुलिस को जानकारी मिली कि वो बिहार में हो सकता है, लेकिन वो पकड़ में नही आया। फिलहाल क्राइम ब्रांच की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी है पुलिस का दावा है कि उसे जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

कौन है दीप सिद्धू
दीप सिद्धू पंजाबी फिल्मों के अभिनेता है और सामाजिक कार्यकर्ता भी। दीप ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत पंजाबी फिल्म रमता जोगी से की थी, जिसे लेकर कहा जाता है कि इसके निर्माता धर्मेंद्र हैं। दीप सिद्धू का जन्म साल 1984 में पंजाब के मुक्तसर जिले में हुआ है। दीप ने कानून की पढ़ाई की है।  17 जनवरी को सिख फॉर जस्टिस से जुड़े केस के सिलसिले में एनआईए ने सिद्धू को तलब भी किया था।

No comments:

Post a Comment

If you have any type of news you can contact us.

NATION WATCH -->